पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर विनय कुमार ने किया नमन
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
शिमला, 26 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। विनय कुमार ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमामय व्यक्तित्व की अनुपम मिसाल थे। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश में ऐतिहासिक आर्थिक सुधार किए और मनरेगा, रोजगार, भोजन का अधिकार तथा सूचना का अधिकार जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के माध्यम से आम जनता को सशक्त बनाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पूर्व डॉ. मनमोहन सिंह ने भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर और देश के वित्त मंत्री के रूप में सादगी, ईमानदारी और निस्वार्थ समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा की। राष्ट्र के आर्थिक सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के आदर्श, उनकी विनम्रता और दूरदर्शी नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला



