अराजक तत्वों ने मंदिर से उखाड़ फेंकी हनुमान प्रतिमा, जांच में जुटी पुलिस
- Admin Admin
- Dec 27, 2025
फिरोजाबाद, 27 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के रजावली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात्रि में अराजक तत्वों ने हनुमान जी की मूर्ति को मंदिर से उखाड़कर प्रांगण में फेंक दिया। शनिवार सुबह जानकारी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी और मूर्ति स्थापित करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह ने बताया कि गांव चिलासिनी में पुराना शिव मंदिर है। शुक्रवार देर रात्रि में अराजक तत्वों ने मंदिर में स्थापित हनुमान मूर्ति को मंदिर से उखाड़कर प्रांगण में फेंक दिया। शनिवार सुबह मंजू देवी मंदिर में साफ-सफाई करने पहुंची तो परिसर में हनुमान की उखड़ी हुई मूर्ति देखकर सन्न रह गईं। उन्होंने इसकी सूचना पति अशोक और आचार्य रामनरेश पाठक को दी।
इधर मूर्ति उखड़ी मिलने की जानकारी होते ही गांव में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर ग्रामीणों के साथ राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह अपने कार्यकर्ताओं सहित मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बृजकिशोर सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह ने बताया कि जिहादी मानसिकता के व्यक्ति ने मूर्ति को मंदिर से उखाड़कर परिसर में फेंका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने दोषियों को पकड़ने के लिए दो दिन का समय मांगा है और मंगलवार को मूर्ति की पुनः स्थापना की जाएगी।
थानाध्यक्ष बृजकिशोर सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दोषी अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़



