हरियाणा रेडक्रास को मिलेंगी दस एंबुलेंस

चंडीगढ़, 10 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने हरियाणा रेडक्रास को दस एंबुलेंस देने का ऐलान किया है। इनकी कीमत करीब एक करोड़ बीस लाख रुपये है। राज्यपाल बुधवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा रेडक्रास के मुख्यालय पहुंचे और यहां संगठन के कार्यों का जानकारी ली।

राज्यपाल प्रो. घोष ने कहा कि रेडक्रास की सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार सख्ती से संचालित हो ताकि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोक भवन ऐसे अभियानों को भावना और सक्रिय सहयोग के माध्यम से समर्थन देना जारी रखेगा। राज्यपाल ने दिव्यांगों के सहायतार्थ तथा ज़रूरतमंदों के लिए विशेष मुहिम चलाने के लिए आह्वान किया।

रेडक्रास के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने रेडक्रास के कार्यों को लेकर भविष्य का रोडमैप पेश किया। राज्य महासचिव डॉ. सुनील कुमार ने राज्यपाल को रेडक्रास की कार्यप्रणाली तथा योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। राज्यपाल ने दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग बनाने वाली संस्था एल्मिको कानपुर के अधिकारियों के साथ कृत्रिम अंगों के निर्माण के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर हरियाणा लोक भवन के अधिकारी एवं हरियाणा रेडक्रास राज्य मुख्यालय के अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा