हरियाणा में पुलिस भर्ती के लिए एक लाख 37 हजार युवकों ने कराया पंजीकरण

चंडीगढ़, 16 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा की जा रही कांस्टेबल के 5500 पदों पर भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया जोरों पर है। अभी तक सवा लाख से अधिक युवाओं ने अपना पंजीकरण करवा लिया है।

हरियाणा सरकार ने हाल ही में पुलिस सिपाही भर्ती निकाली है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने 5500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इससे पहले 5061 पदों पर सबसे बड़ी भर्ती हुई थी। इसमें 4500 पुरुष कांस्टेबल और 600 महिला कांस्टेबलों भर्ती किए जाएंगे। वहीं, इनके साथ जीआरपी के लिए 400 मेल कांस्टेबल के पद रिजर्व रखे गए हैं। भर्ती के लिए 11 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। 25 जनवरी 2026 रात 11:59 तक वे अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में जारी एक जानकारी में बताया कि अब तक कुल एक लाख 37 हजार 533 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण करवाया है, जिसमें से 78 हजार 924 युवा अपना फार्म फाइनल सबमिट करवा चुके हैं। आयोग की तरफ से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 1800-572-8997 हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। वर्तमान में यहां आने वाली कॉल की संख्या भी अब लगातार कम होती जा रही है। उन्होंने पंजीकरण करवाने वाले अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वह अंतिम तिथि का इंतजार किए बगैर जल्द से जल्द फार्म भरें ताकि साइट के संबंध में आने वाली किसी भी दिक्कत से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा