हरियाणा में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले

चंडीगढ़, 01 जनवरी (हि.स.)।

हरियाणा सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर बदलाव करते हुए चार वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों के स्थानांतरण और अतिरिक्त दायित्व तय किए हैं। राज्यपाल के आदेशानुसार ये परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

1991 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी आलोक मित्तल को हरियाणा जेल महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें यह दायित्व वर्तमान जिम्मेदारियों के अतिरिक्त सौंपा गया है।

1993 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी अर्शिंदर सिंह चावला को हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। यह पद अजय सिंगला की पुलिस महानिदेशक के रूप में नियुक्ति के बाद रिक्त हुआ था।

1994 बैच की भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी कला रामचंद्रन को हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन (करनाल) की निदेशक नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें अर्शिंदर सिंह चावला के पदमुक्त होने के बाद सौंपी गई है।

1995 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी डॉ. सीएस राव, जो वर्तमान में गृह रक्षक बल में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं, को हरियाणा मानवाधिकार एवं विधिक मामलों का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें कलरामचंद्रन के स्थानांतरण के बाद दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा