पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में झमाझम बारिश कठुआ और उधमपुर सबसे ज्यादा भीगे
- Bhavana Jamwal Jamwal
- Jul 22, 2026
जम्मू, 22 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। पिछले 24 घंटों (सुबह 8:30 बजे तक) में जम्मू संभाग के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। बारिश के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कठुआ में सबसे अधिक 153.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद सांबा में 133.0 मिमी, उधमपुर में 132.6 मिमी, जम्मू एयरपोर्ट में 67.7 मिमी, जम्मू शहर में 62.1 मिमी, कटरा में 58.5 मिमी, पुंछ में 51.0 मिमी, रामबन में 49.0 मिमी, बटोट में 46.1 मिमी, रियासी में 44.5 मिमी और राजौरी में 40.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, कश्मीर घाटी में गुलमर्ग 55.0 मिमी बारिश के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके अलावा बारामूला में 37.5 मिमी, टंगमार्ग में 28.2 मिमी, पहलगाम में 23.8 मिमी, लोलाब में 22.4 मिमी, अवंतीपोरा में 21.0 मिमी, काजीगुंड में 19.6 मिमी, कोकेरनाग में 17.0 मिमी तथा अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लद्दाख क्षेत्र में लेह में 5.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि कारगिल के आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके। लगातार हो रही बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर भूस्खलन, सड़कों पर मलबा आने और जलभराव की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग और ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी का पालन करने तथा मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

