दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा और धुंध के आसार
- Admin Admin
- Dec 21, 2025
नई दिल्ली, 21 दिसम्बर (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा तथा धुंध छाए रहने के आसार हैं। जबकि शाम के समय हल्का कोहरा रहेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 22 दिसंबर को सुबह के समय कई स्थानों पर मध्यम और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। यहां का अधिकतम तापमान 21- 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा से 5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवा की गति, दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा में बदल कर गति 8 किमी प्रति घंटा तक होने का अनुमान है।
राजधानी में 23 दिसंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और सुबह के समय कई स्थानों पर हल्की तथा मध्यम धुंध रहने के आसार हैं। यहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं, देश के अन्य राज्यों में पश्चिमी हिमालय पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। आज उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम अधिकारियों ने पंजाब, हरियाणा (25-27 दिसंबर), पश्चिमी उत्तर प्रदेश (26-27 दिसंबर), पूर्वी उत्तर प्रदेश (22, 26, 27 दिसंबर) और झारखंड (22 दिसंबर) में भी घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी



