रेउसा में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार
- Admin Admin
- Dec 26, 2025

सीतापुर,26 दिसंबर (हि.स.)। सीतापुर जनपद के रेउसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह के नेतृत्व में रेउसा पुलिस टीम ने ग्राम जबरपुरवा के बाहर खेतों के बीच बने खंडहरनुमा टीले से भोला उर्फ बढ़ई पुत्र श्रीराम उर्फ मास्टर तथा उसके पुत्र संतोष को अवैध शस्त्र बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के पांच निर्मित तमंचे व दो अर्द्धनिर्मित तमंचे, 12 बोर के तीन निर्मित व एक अर्द्धनिर्मित तमंचे, एक देशी बंदूक, चार जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस तथा बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामग्री में भट्ठी, लोहे का शिकंजा, पाइप, हथौड़ी, आरी, रेती, ब्लेंडर मशीन, पेट्रोमैक्स सहित कई औजार शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रेउसा में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियुक्त भोला के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि संतोष पर आबकारी अधिनियम के तहत मामले पंजीकृत हैं।
एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने शुक्रवार दोपहर बाद पत्रकार वार्ता में बताया कि जनपद में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेउसा पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई कर इस अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस तरह के संगठित अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और अपराध से अर्जित संपत्ति को भी जब्त कराया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma



