श्रीनगर में आवारा कुत्तों की समस्या पर मिशन मोड में काम के निर्देश
- Rahul Sharma
- Aug 25, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए संबंधित विभागों और श्रीनगर नगर निगम को केंद्रित, समन्वित और मानवीय तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए जमीन पर ठोस और मापनीय परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या श्रीनगर के लोगों की प्रमुख व्यावहारिक चिंताओं में शामिल हो गई है। इससे शहरवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी और सुरक्षा की भावना प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू में नसबंदी अभियान के बेहतर क्रियान्वयन से मिली सफलता को कश्मीर में भी दोहराने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जम्मू में करीब 80 प्रतिशत आवारा कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और सवाल किया कि इसी व्यवस्था को श्रीनगर में प्रभावी ढंग से क्यों नहीं लागू किया जा सका।
उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर संभाग में पशु चिकित्सकों, पैरावेट्स और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की जरूरत का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए संबंधित कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति और जमीन पर कार्रवाई शुरू करने को कहा। उन्होंने सड़क किनारे जमा कचरे और खाद्य अपशिष्ट के ढेरों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आवारा कुत्तों के लिए भोजन का स्रोत कम किया जा सके। मुख्यमंत्री ने एसएमसी के भीतर इस समस्या से निपटने के लिए एक समर्पित टीम गठित करने तथा प्रशिक्षित डॉग कैचर की संख्या बढ़ाने, नसबंदी अभियान में तेजी लाने और पशु चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई मानवीय और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप होनी चाहिए, लेकिन आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और नागरिकों की चिंताओं के समाधान पर भी प्रभावी ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने आवास एवं शहरी विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, एसएमसी और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य केवल श्रीनगर तक सीमित न रहकर पूरे जम्मू-कश्मीर में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए टिकाऊ और प्रभावी व्यवस्था विकसित करना होना चाहिए। बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, आवास एवं शहरी विकास विभाग की आयुक्त सचिव मंदीप कौर, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव एम. राजू, शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव, मंडलायुक्त कश्मीर, मंडलायुक्त जम्मू, आईजीपी जम्मू जोन, श्रीनगर नगर निगम के आयुक्त, जम्मू नगर निगम के आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जम्मू के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

