आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, जुएल उरांव ने की घोषणा

कार्यक्रम की तस्वीरमधुकार्यक्रम में उपस्थित सदस्य

रांची, 14 जनवरी (हि.स.)। प्रो. आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बुधवार को पार्टी के चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने आदित्य साहू के नाम की विधिवत घोषणा की। रांची के हरमू रोड स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में नये प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। इसके अलावा मौके पर 21 राष्ट्रीय नव निर्वाचित सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गयी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री उरांव ने कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू एक सहज सरल व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने अपने परिश्रम और समर्पण से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने साहू को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड को विकसित झारखंड, अटल जी के संकल्पों का झारखंड बनाने के लिए भाजपा की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और झारखंड में भाजपा एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी। इससे पहले उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में प्रो आदित्य साहू के नाम की घोषणा की।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आदित्य साहू को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने साहू को बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष के रुप में गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए देखा है। जन समस्या और कार्यकर्ताओं के सुख दुख के प्रति उनकी संवेदशीलता सराहनीय है। बाबूलाला ने कहा कि झारखंड गठन के संकल्प अभी भी अधूरे हैं। राज्य की वर्तमान सरकार ने झारखंड को गर्त में धकेल दिया है। विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस वसूली में मस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार झारखंड की समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रही है। अभी भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। आगे की अधूरी लड़ाई हम सब नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में लड़ेंगे और मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के जल जंगल जमीन की सुरक्षा की लड़ाई अब भाजपा कार्यकर्ता आदित्य साहू के नेतृत्व में लड़ेंगे और ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने परिश्रम और अनुभवों से भाजपा को एक नई पहचान दी है। इनके अधूरे कार्यों को नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू पूरा करेंगे। झारखंड भाजपा का एक मजबूत संगठन खड़ा होगा और पार्टी जन आकांक्षाओं पर खरी उतरेगी।

पूर्व केंद्रित मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि नए अध्यक्ष का चयन शुभ मुहूर्त में हो रहा है। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और इनके नेतृत्व में झारखंड अपनी चुनौतियों से निकलकर बाहर आयेगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीएन सिंह ने आदित्य साहू को बधाई देते हुए कहा कि साहू भाजपा के हीरा जैसे बहुमूल्य कार्यकर्ता हैं जिन्हें उन्होंने 20 वर्ष पूर्व ही पहचान लिया था।

एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हम सब मिलकर इनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करेंगे और जोर शोर से झारखंड की सत्ता में आएंगे।

विधायक सीपी सिंह ने भी नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी।

जीवन का कण-कण और क्षण-क्षण देंगे भाजपा को : आदित्य

प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्यि साहू ने नई जिम्मेदारी देने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के लिए वे जीवन का कण-कण और क्षण क्षण भाजपा को देंगे। साहू ने पूर्व प्रदेश अध्येक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की तारीफ करते हुए कहा कि एक बड़े भाई ने छोटे भाई को जिम्मेदारी सौंपी है। बाबूलाल मरांडी राज्य के धरोहर हैं। उन्हें संगठन और सरकार चलाने का व्यापक अनुभव है।

उन्होंने राज्य सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली बनाने से पहले राज्ये सरकार को दूसरे राज्यों की भी नियमवली का अध्य यन कर लेना चाहिए था। उन्होंने सरकार पर आदिवासियों के साथ छल करने का आरोप लगाया। यदि सरकार में ताकत है तो इस नियमावली को जनता के बीच ले कर जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासियों के नाम पर सिर्फ वोट बटोरने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कड़िया मुंडा को अपराधियों की ओर से धमकी देने पर दुख प्रकट किया और कहा कि आखिर झारखंड कहां जा रहा है। साहू ने कहा कि राज्या में बंदूक की नोक पर डाका डालने का काम हो रहा है।

साहू ने कहा कि चुनाव में हार-जीत अलग बात है। हार जीत के लिए प्रेरित करता है। लेकिन झारखंड में झूठे-फरेबी लोग जिन्होंने झारखंड आंदोलन को बेचने और खरीदने का काम किया, वैसे लोग आज सरकार में बैठे हुए हैं। वे किसी का भला नहीं सोंच सकते।

उन्होंने कहा कि जल जंगल और जमीन में डाका डाला जा रहा है। राज्य में घुसपैठिया घुस रहे हैं। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने कहा है कि चुन-चुन कर घुसपैठियों को निकालेंगे। उन्होंने कहा कि साहेबगंज के उद्धवा प्रखंड में 78.6 फीसदी मतदाता बढ़ गए हैं। राज्य विरोधी लोग एसआइआर का विरोध कर रहे हैं। नेपाल में जैसे जनता ने सड़क पर आकर सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया। यहां भी ऐसा होगा तो जनता सरकार को बेदखल करेगी।

उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं से कहा कि वे धैर्य नहीं खोएं, बल्कि चलते रहें।

भाजपा के राष्ट्रीय परिषद के 21 चयनित सदस्य

पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के 21 चयनित सदस्यों में कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपाई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पीएन सिंह, रवींद्र राय, अमर बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानू प्रताप शाही, जीतू चरण राम, अभयकांत प्रसाद, डॉ प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा का नाम शामिल हैं।

नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, आरती कुजूर, भानु प्रताप शाही, बड़कुवर गगराई, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सीमा पासवान, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, प्रवक्ता अजय साह, रमाकांत महतो, राफिया नाज, विजय चौरसिया,जेबी तुबिद, गीता कोड़ा, महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, रांची पूर्वी और पश्चिमी जिला के अध्यक्ष विनय महतो सहित कार्यकर्ताओं का नाम शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे