भाजपा ने झारखंड में 23 नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों की सूची की जारी
- Admin Admin
- Jan 09, 2026
रांची, 09 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश चुनाव अधिकारी, महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने शुक्रवार को झारखंड के 23 सांगठनिक जिलों में नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों की अधिकृत सूची जारी की।
इस मौके पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में संगठन पर्व की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत प्राथमिक सक्रिय सदस्यता पूरी होने के बाद मंडल और जिला स्तर पर निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
डॉ. वर्मा ने बताया कि इसी क्रम में पार्टी ने 23 सांगठनिक जिलों में जिलाध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की है। घोषित सूची के अनुसार दुमका से रूपेश मंडल, पाकुड़ से सरिता मुर्मू, जामताड़ा से सुमित शरण, देवघर से सचिन रवानी, गोड्डा से लक्ष्मी चक्रवर्ती, साहेबगंज से गौतम यादव, धनबाद (ग्रामीण) से मोहन कुंभकार, धनबाद (महानगर) से श्रवण राय, गिरिडीह (महानगर) से रंजीत कुमार राय, गिरिडीह (ग्रामीण) से महेंद्र वर्मा, हजारीबाग से विवेकानंद सिंह, चतरा से रामदेव भोक्ता, रामगढ़ से संजीव कुमार, रांची (महानगर) से वरुण साहू, रांची (पूर्वी) से विनय महतो उर्फ धीरज, रांची (पश्चिम) से नरेंद्र सिंह, गुमला से सागर उरांव, सिमडेगा से दीपक पुरी, पलामू से अमित तिवारी, लातेहार से बंशी यादव, चाईबासा से गीता बालमुचू, चक्रधरपुर से दीपक पासवान तथा सरायकेला-खरसावां से हरे कृष्ण प्रधान को जिलाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।
उन्होंने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से रांची ग्रामीण को पूर्वी और पश्चिमी दो जिलों में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही चक्रधरपुर और गिरिडीह ग्रामीण को नए सांगठनिक जिलों के रूप में गठित किया गया है। पार्टी ने महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया है, जिसके तहत घोषित 23 जिलाध्यक्षों में तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं चार जिलाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। डॉ. वर्मा ने यह भी बताया कि आठ जिलाध्यक्षों को दोबारा निर्वाचित किया गया है।
रांची महानगर अध्यक्ष की घोषणा में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश उपस्थित रहे। वहीं रांची पूर्वी और पश्चिमी जिलाध्यक्षों की घोषणा में कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू शामिल हुए। दुमका में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, गिरिडीह में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र कुमार राय तथा रामगढ़ में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद की उपस्थिति में जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने सभी नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं और बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे



