मुख्यमंत्री सोरेन ने अमर शहीद निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि

रांची, 24 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने गुरुवार को झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता अमर वीर शहीद निर्मल महतो की जयंती पर रांची के जेल मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज बहुत महत्वपूर्ण दिन है। राज्य के आदिवासी-मूलवासियों के हक-अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता वीर शहीद निर्मल महतो की 75वीं जयंती है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे राज्य में वीर सपूत शहीद निर्मल महतो को लोग याद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य को बने हुए 25 वर्ष हो चुके हैं। ऐसे वीर सपूतों का हमारे बीच आना गौरव का विषय है। झारखंड राज्य आंदोलन में शहीद निर्मल महतो का अमूल्य योगदान रहा है। उनके आदर्श एवं विचारों को आत्मसात करते हुए राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस समय निर्मल महतो की शहादत हुई उस समय वे युवा थे। आज हमारे राज्य के नौजवान उन्हें अपने मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत के रूप में देखते हैं। राज्य का एक-एक युवा उन पर गर्व करता है। आने वाले समय में भी उनके विचारों को जिंदा रखते हुए हम सभी राज्यवासी आगे बढ़ते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे