शीतलहर से झारखंड में बढी कनकनी, 26 को भी 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट

रांची, 25 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड में इन दिनों शीतलहर (कोल्‍ड वेव) से कनकनी बढ गई है। भारी कनकनी के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 13 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार मध्यवर्ती जिले (रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद) के अलावा राज्य के उत्तर और-पश्चिमी जिले पलामू, गढवा, चतरा और लातेहार के कुछ जगहों में शीतलहर चलने की संभावना है।

इधर, शीतलहर के चलने के कारण कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहने से लोगों को कंपकंपाने वाली ठंड से थोडी सी राहत मिल रही है। दिन में लोग खुले स्थानों पर अच्छी और गुलाबी धूप का आनंद लेते देखे जा रहे हैं।

राज्य के कुछ इलाकाें में देर रात और तडके सुबह हल्‍के दर्जे का कुहासा भी देखने को मिल रहा है। हालांकि सुबह में मौसम पूरी तरह से साफ हो रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.4 डिग्री चाईबासा में और सबसे कम तापमान गुमला में 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अधिकतम और न्‍यूनतम तापमान में सामान्य तापमान से दो डिग्री से अधिक के बदलाव से इंकार किया है। वहीं गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन शीतलहर के कारण दिनभर भारी ठंड महसूस की गई।

वहीं,गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री, जमशेदपुर में 26 और 10.4 डिग्री, डालटेनगंज में 25.1 और 8.1 डिग्री, बोकारो में 22.1 और 9.5 डिग्री, चाईबासा में 27.4 डिग्री और 9.6 डिग्री, खूंटी में 25.6 और 6 डिग्री, लोहरदगा में 21.7 और न्यूनतम 8.2 डिग्री, लातेहार में 18.2 और 7.9 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak