जन्म-मृत्यु निबंधन कार्य में कोताही बर्दाश्‍त नहीं करेंगे : भजन्‍त्री

रांची, 02 जनवरी (हि.स.)। जिले में जन्म-मृत्यु निबंधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय में नागरिक निबंधन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि‍ उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जन्‍म मृत्‍यु या अन्‍य कार्यों में होनेवाले निबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निबंधन सुनिश्चित करना होगा। उन्‍होंने कहा कि जन्म और मृत्यु का समय पर और सटीक निबंधन बेहद जरूरी है। यह न केवल व्यक्ति के मूलभूत अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि आधार कार्ड निर्माण, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, मतदाता सूची में नामांकन, संपत्ति हस्तांतरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सहायक होता है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (सीआरएस) पोर्टल के उपयोग, दस्तावेजों के सत्यापन, त्रुटि सुधार और आम नागरिकों को सुगम सेवा उपलब्ध कराने से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत सचिवालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कर निबंधन कार्य किया जाए और प्रत्येक माह निबंधन इकाइयों की जांच कर प्रतिवेदन जिला सांख्यिकी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव और नगर निगम के निबंधन कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar