प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी मिश्र की सेवानिवृत्ति पर दी गई भावपूर्ण विदाई
- Admin Admin
- Dec 31, 2025
रांची, 31 दिसंबर (हि.स.)। दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र की सेवानिवृत्ति के अवसर पर बुधवार को प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन कर विदाई दी गई।
इस अवसर पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अंजनी कुमार मिश्र को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान के लिए धन्यवाद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्मृति चिन्ह, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड राज्य की सेवा करना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने नए अधिकारियों को जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के प्रति निरंतर समर्पित रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अंजनी कुमार मिश्र का प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पण सभी अधिकारियों व कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उनके मार्गदर्शन में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके कार्यकाल में रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बना। कार्यक्रम में कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar



