अधिकारी जनता दरबार में आई शिकायतों का समय सीमा में करें निष्पादन : उपायुक्त

रांची, 02 जनवरी (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में 8 प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को आई कार्ड दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अ‍धिकारियों को नव वर्ष 2026 की बधाई शुभकामनाएं दीं और कार्यालय के अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति समर्पित रहने को कहा।

उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और कार्यालय में आने वाले आमजन की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें एवं उन्हें समय सीमा के भीतर निष्पादित कराएं।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कार्यालय परिसर में बिचौलियों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहे और इस संबंध में कड़ी निगरानी रखी जाए।

जनता दरबार में आई शिकायतों का गंभीरता से करें निष्पादन

उपायुक्त ने कहा कि हर सप्ताह जनता दरबार में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निष्पादन गंभीरतापूर्वक तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत मिल सके। उन्होंने अ‍धिकारियों से अपील किया कि नये साल में जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाते हुए जिला प्रशासन की योजनाओं को धरातल पर उतारें।

इस अवसर पर जिन प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आईकार्ड दिया गया उनमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, लापुंग, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बुढ़मु, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बुंडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कांके, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नामकुम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, राहे, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बेड़ो, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चान्हो शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak