झारखंड आंदोलनकारियों की मुख्यमंत्री आभार यात्रा तीन जनवरी को

रांची, 26 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा, रांची जिला के तत्वावधान में सिल्ली विधानसभा स्तरीय बैठक बंता स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार को हुई।

बैठक में झारखंड आंदोलनकारी के राजकीय मान सम्मान अलग पहचान, आश्रितों को रोजी रोजगार नियोजन की गारंटी और जेल जाने की बाध्यता को समाप्त करते हुए सभी को सम्मान पेंशन राशि 50- 50 हजार रुपये देने, झारखंड आंदोलनकारी कल्याण बोर्ड का गठन करने और समूह बीमा और चिकित्सा

सुविधा का लाभ देने की मांग राज्य सरकार से की गई। साथ ही 3 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर आहुत मुख्यमंत्री आभार यात्रा में भारी संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया गया।

मौके पर मुख्य अतिथि झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में सिल्ली - पंच परगना का संघर्ष और शहादत का बड़ा योगदान रहा है।

आंदोलनकारियों को अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ना होगा : रतनलाल

उन्होंने कहा कि राज्यड सरकार झारखंड के आंदोलनकारियों के प्रति सकारात्मक सोच हम सरकार के प्रति कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड आंदोलनकारी के आश्रितों के लिए 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण नौकरियों में और प्रमाण पत्र देकर हम सभी को कृतार्थ किया है। इसे लेकर 3 जनवरी 2026 को मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर रांची में मुख्यमंत्री आभार यात्रा निकाली जाएगी।

वहीं मौके पर केंद्रीय सचिव प्रो रतनलाल महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ना होगा। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की अध्यक्ष रोजलीन तिर्की ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को अपने बाल बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए तैयार रहना होगा।

जिला अध्यक्ष सुबोध कुमार लकडा ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के मूल्यों को स्थापित करना झारखंड आंदोलनकारियों का परम दायित्व है।

बैठक में झारखंड आंदोलनकारी मुरलीधर महतो और विवेक कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर एक मिनट का मौन रखकर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर सरकार से दोनों मृतक आंदोलनकारियों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और उनके एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।

बैठक की अध्यक्षता मुखिया गंगा नारायण सिंह मुंडा और संचालन प्रमुख आंदोलनकारी लक्ष्मी नारायण महतो ने की।

बैठक में दिनेश कुमार महतो, सनत कुमार राय, विष्णु गिरी, विनोद महतो, हलधर महतो, तारा कुमारी, श्रीधर महतो सहित अन्य आंदोलनकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak