जूनियर पुरुष हॉकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 22 जून को होगा झारखंड टीम का चयन ट्रायल

रांची, 13 जून (हि.स.)। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 के लिए झारखंड टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस उद्देश्य से राज्यस्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 22 जून को रांची में किया जाएगा।

हॉकी झारखंड की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चयन ट्रायल सुबह नौ बजे से मोरहाबादी स्थित मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। ट्रायल में राज्य के सभी पात्र जूनियर पुरुष हॉकी खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संघ ने स्पष्ट किया है कि चयन ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे जिनकी जन्म तिथि एक जनवरी 2007 या उसके बाद की हो। खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आधार कार्ड, हॉकी इंडिया आईडी कार्ड तथा नगर निगम अथवा पंचायत की ओर से जारी जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में किसी भी खिलाड़ी को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

हॉकी झारखंड ने राज्य के सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। संघ का लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम का गठन करना है, जो चैंपियनशिप में राज्य का बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित कर सके।

चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल कौशल, सामरिक समझ तथा मैदान पर प्रदर्शन का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। चयनकर्ताओं की रिपोर्ट और प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम की घोषणा की जाएगी। हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस अवसर का लाभ उठाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे।-------------