वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेद प्रकाश शरण का निधन

रांची, 25 दिसंबर (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकार और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो–वाइस चांसलर प्रो. डॉ. वेद प्रकाश शरण (80 ) का गुरुवार तड़के रांची के दीपाटोली स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल में निधन हो गया।

शरण अपने पीछे पुत्री और दामाद को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को हरमू मुक्तिधाम में किया जाएगा। इनके निधन से शिक्षा और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। रांची प्रेस क्लब ने संवेदना जताते हुए दुख प्रकट किया है।

परिजनों के अनुसार वे वर्ष 2021 से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से इलाजरत थे। उनके निधन से परिवार, शिक्षा जगत, पत्रकारिता जगत और राजनीतिक हलकों में गहरा शोक व्याप्त है।

प्रो. डॉ. शरण रांची विश्वविद्यालय में प्रो–वाइस चांसलर के पद पर कार्यरत रहे। उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष (एचओडी) के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। इसके साथ ही वे सेंट जेवियर्स कॉलेज में पत्रकारिता विभाग के निदेशक भी रहे।

पत्रकारों के संगठनात्मक सशक्तिकरण में उनकी अहम भूमिका रही और वे रांची प्रेस क्लब के संस्थापक संयुक्त सचिव थे।

राजनीतिक क्षेत्र में भी वे सक्रिय थे और कांग्रेस की झारखंड प्रदेश इकाई के पूर्व मुख्य प्रवक्ता के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar