पेसा नियमावली से मिलेगी अधिसूचित क्षेत्रों में समावेशी विकास को दिशा : कमलेश
- Admin Admin
- Dec 25, 2025
रांची, 25 दिसंबर (हि.स.)। कैबिनेट की ओर से पेसा नियमावली की स्वीकृति दिये जाने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार को पेसोत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ता ढोल नगाड़े के साथ नाचते गाते कांग्रेस भवन पहुंचे और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्हें बधाई दी।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि इस फैसले से झारखंड के अधिसूचित क्षेत्रों में लोकतांत्रिक सहभागिता और समावेशी विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस और महागठबंधन के साझा घोषणा पत्र में पेसा कानून लागू करने की बात कही गई थी जिसे पूरा किया गया। उन्होंसने कहा कि जो अधिकार अधिसूचित क्षेत्र के लोगों को मिलना चाहिए था उस अधिकार को देने की दिशा में महागठबंधन सरकार ने रास्ता खोल दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि पेसा कानून से प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, विकास योजनाओं को मंजूरी मिलेगी और सांस्कृतिक पहचान के साथ रीति-रिवाज की रक्षा हो सकेगी। इससे आदिवासियों का शोषण रूकेगा।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश बैठा, राज राजेन्द्र प्रताप देव, सोमनाथ मुंडा, राकेश सिन्हा, आलोक दूबे, राजन वर्मा, डॉ प्रकाश प्रसाद, राजेश चन्द्र राजू, संजय कुमार सहित दर्जनों पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak



