मांडर के रेगे गांव में जरूरतमंदों के बीच जिप सदस्य ने किया कंबल वितरण

रांची, 09 जनवरी (हि.स.)। रांची के मांडर प्रखंड अंतर्गत रेगे गांव में शुक्रवार को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य विनोदित तिग्गा एवं समाजसेवी रबुल अंसारी ने गरीब और जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ नजर आई।

इस अवसर पर समाजसेवी रबुल अंसारी ने कहा कि जिला परिषद सदस्यों को सरकार की ओर से कंबल वितरण के लिए किसी प्रकार का फंड उपलब्ध नहीं कराया जाता है। इसके बावजूद जिप सदस्य विनोदित तिग्गा निजी खर्च से लगातार अपने क्षेत्र में जरूरतमंदों के बीच बेहतर गुणवत्ता के कंबल वितरित कर रहे हैं, जो सराहनीय पहल है।

जिला परिषद सदस्य विनोदित तिग्गा ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस प्रकार के कार्यों के लिए सरकारी स्तर पर फंड उपलब्ध कराया जाए तो और अधिक लोगों को राहत पहुंचाई जा सकती है। बावजूद इसके, वे आगे भी अपने स्तर से इस तरह की सामाजिक गतिविधियां जारी रखेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुस्ताक अंसारी, उस्मान अंसारी, फिरोज अंसारी, ताहीहर अंसारी, नूरहसन अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar