(वार्षिकी) रांची पुलिस के लिए 2025 रहा उपलब्धियों भरा साल, 399 अपराधी गिरफ्तार, 14.84 करोड़ की ड्रग्स जब्त

रांची, 02 जनवरी (हि.स.)। रांची पुलिस के लिए साल 2025 बड़ी उपलब्धियों का वर्ष साबित हुआ है। संगठित अपराध समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में रांची पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 399 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने रिकॉर्ड 14.84 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने शुक्रवार को वर्ष 2025 की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि रांची पुलिस अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर प्रभावी नकेल कसने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले वर्ष में भी अपराध और नशे के खिलाफ अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार, 156 गिरफ्तार

नशीले पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए रांची पुलिस ने वर्ष 2025 में कुल 156 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। ये गिरफ्तारियां ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम, डोडा, प्रतिबंधित सिरप और प्रतिबंधित कैप्सूल के अवैध कारोबार से जुड़ी थीं। पुलिस ने इन तस्करों के पास से करीब 14.84 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए।

इसके अलावा अवैध अफीम की खेती के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 2582 एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया और इस अवैध गतिविधि में शामिल 25 आरोपितों को गिरफ्तार किया।

नक्सल विरोधी अभियान में भी बड़ी सफलता

नक्सल विरोधी अभियान के तहत रांची पुलिस ने वर्ष 2025 में नक्सल मामलों से जुड़े 43 मामलों का निष्पादन किया। इस दौरान 17 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सलियों के पास से 117 हथियार, 400 से अधिक जिंदा गोलियां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

अवैध खनन और तस्करी पर कार्रवाई

अवैध खनन के खिलाफ भी रांची पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। वर्ष 2025 में अवैध बालू तस्करी में संलिप्त 72 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं कोयला और पत्थर के अवैध कारोबार से जुड़े नौ वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया।

अपराध के विभिन्न मामलों में गिरफ्तारी का ब्योरा

संगठित अपराध : 44 आरोपितहथियार बरामदगी : 86 आरोपितवाहन चोरी : 158 आरोपितछिनतई (स्नैचिंग) : 29 आरोपित

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि रांची पुलिस की यह सफलता टीमवर्क, बेहतर खुफिया तंत्र और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें, ताकि रांची को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे