निकाय चुनाव सम्बन्धी सूची सात दिनों में मुख्यालय को भेजें : खीरू महतो
- Admin Admin
- Jan 10, 2026
रांची, 10 जनवरी (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को राज्य कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने की।
बैठक में मज़बूती के साथ निकाय चुनाव लड़ने, विभिन्न निकाय क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार, होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स में वृद्धि के विरुद्ध जिला मुख्यालय एवं प्रखण्डों में एक दिवसीय धरना, निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश स्तर पर कोषांग का गठन, प्रदेश स्तर पर सदस्यता अभियान के प्रभारी की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर कार्यकारिणी की सहमति ली गयी।
बिहार चुनाव में शानदार जीत एवं वर्ल्ड बुक आफ़ रिकॉर्ड्स की ओर से नीतीश कुमार का नाम वैश्विक सूची में दर्ज करने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को झारखंड जदयू की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी गयी। संसद के बजट सत्र के पश्चात संगठन की मज़बूती के लिए राज्य के सभी जिलों में प्रदेश अध्यक्ष का दौरा होगा। बैठक में विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री राजा पीटर, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी जैसे वरीय नेताओं ने निकाय चुनाव एवं सदस्यता के बिंदु पर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने निकायों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं जन समस्याओं पर सभी जिलों में एक दिवसीय धरना के लिए तिथि निर्धारित करने का निर्देश दिया। जिले के बाद प्रखंडों में भी धरना दिया जाएगा। उन्होंने जिला अध्यक्षों को अपने जिले में लड़ने वाले उम्मीदवार एवं निकाय क्षेत्रों की सूची सात दिनों में प्रदेश मुख्यालय को भेजने के आदेश दिए।
सदस्यता अभियान को गति देने के लिए उन्होंने जिला संगठन प्रभारी के साथ एक अतिरिक्त प्रदेश पदाधिकारी की नियुक्ति की बात कही। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को भी सदस्यता में भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही एक मार्च को पूरे राज्य में नीतीश कुमार के जन्मदिन को धूम धाम से मनाने के आदेश दिए। जिला में आयोजित धरना में संगठन प्रभारी को हर हाल में उपस्थित रहने को कहा।
मौके पर विधायक सरयू राय ने कहा राज्य स्तर पर सदस्यता प्रभारी की नियुक्ति हो और सभी जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्य करें। निकाय चुनाव के लिए कोआर्डिनेशन की ज़िम्मेदारी प्रदेश स्तर पर कमेटी गठित कर उसे दें। उन्होंने कहा सरकार ने पेशा क़ानून तो लाया मगर इसमें कुछ आंशिक संशोधन होने के बाद ही इसे संतोषजनक कहा जा सकता है। पेशा में सुधार के लिए सरकार को सुझाव दिया जाएगा।
पूर्व मंत्री राजा पीटर ने कहा कि पेशा पर पार्टी नेतृत्व के विचार से वह सहमत है। तमाड़ क्षेत्र में भारी संख्या में सदस्यता की बात कही। पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा की गठबंधन के कारण चुनाव लड़ने से वंचित रह गई मगर पलामू प्रमंडल की जन समस्या को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। झारखंड को भी नीतीश मॉडल की जरूरत है। बैठक का संचालन श्रवण कुमार ने किया।
बैठक में डॉ आफ़ताब जमील, भगवान सिंह, रेणु पन्निकर, शैलेन्द्र महतो, मधुकर सिंह, धर्मेंद्र तिवारी,रणजीत कुमार, सोमेन दत्ता, शिवानी लता और अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे



