प्रेस क्लब में प्रो (डॉ) वेद प्रकाश शरण को दी गई श्रद्धांजलि
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
रांची, 26 दिसंबर (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकार और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व वाईस चांसलर दिवंगत प्रो (डॉ) वेद प्रकाश शरण को शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रांची प्रेस क्लब परिसर में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी और शुभचिंतकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में रांची प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष पद्मश्री बलबीर दत्त, वरिष्ठ पत्रकार बैजनाथ मिश्र, अनुज कुमार सिन्हा, वाईएन झा, अनिल कुमार सिंह, रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभुनाथ चौधरी, सचिव अभिषेक सिन्हा, कोषाध्यक्ष कुबेर, संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य सहित कई अन्य पत्रकार मौजूद थे।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भी रांची प्रेस क्लब पहुंचकर दिवंगत प्रो शरण को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। श्रद्धांजलि सभा के बाद उनकी अंतिम यात्रा हरमू मुक्तिधाम के लिए रवाना हुई, जहां उनके भतीजे ने उन्हें मुखाग्नि दी। प्रो (डॉ) वेद प्रकाश शरण का निधन गुरुवार तड़के रांची के दीपाटोली स्थित एक निजी अस्पताल में हो गया था। वे 80 वर्ष के थे। परिजनों के अनुसार वे वर्ष 2021 से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से इलाजरत थे।
मौके पर पद्मश्री बलबीर दत्त, बैजनाथ मिश्र, अनुज कुमार सिन्हा, शंभु नाथ चौधरी, अभिषेक सिन्हा और अमरकांत ने अपने वक्तव्यों में रांची प्रेस क्लब की स्थापना, उसके निर्माण और पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रो (डॉ) वेद प्रकाश शरण के योगदान को याद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar



