मिशन युवा के तहत जेके बैंक ने 30 हजार ऋण स्वीकृतियों का आंकड़ा पार किया

जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर सरकार की प्रमुख रोजगार पहल मिशन युवा के तहत जेके बैंक ने 30 हजार ऋण स्वीकृतियों का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया है। बैंक ने अब तक 30,063 ऋण मामलों को स्वीकृति दी है, जबकि 26,580 से अधिक लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। बैंक ने इसे युवाओं के उद्यमिता विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में अहम उपलब्धि बताया है। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चटर्जी ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि 30 हजार ऋण स्वीकृतियों का आंकड़ा पार करना बैंक के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह पूरे बैंकिंग नेटवर्क की प्रतिबद्धता और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मिशन युवा के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बैंक लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जेके बैंक सरकार के मिशन युवा कार्यक्रम को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करता रहेगा और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल करने के लिए प्रयास जारी रखेगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र उद्यमियों को समय पर वित्तीय सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध हो, जिससे वे अपने उद्यम सफलतापूर्वक स्थापित कर सकें।