जनरल जोरावर सिंह की दूरदृष्टि ने पीढ़ियों को प्रेरित किया, लोगों में जोश जगाया : उपराज्यपाल

जम्मू, 12 दिसंबर (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को वीर योद्धा, भारत के महानतम सेनापति और सैन्य रणनीतिकार जनरल जोरावर सिंह को उनकी शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपराज्यपाल ने कहा कि जनरल जोरावर सिंह की दूरदृष्टि ने पीढ़ियों को प्रेरित किया और लोगों में जोश जगाया।

जम्मू में आयोजित एक स्मृति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने लद्दाख, बाल्टिस्तान, गिलगित और स्कार्दू में जनरल जोरावर सिंह के ऐतिहासिक सैन्य अभियानों का उल्लेख किया और डोगरा साम्राज्य के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से जनरल जोरावर सिंह के नैतिक स्पष्टता, बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए अटूट दृढ़ विश्वास और वंचितों को सशक्त बनाने के संदेश का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आइए हम जीवन परिवर्तन के लिए स्वयं को समर्पित करें, युवाओं का मार्गदर्शन और समर्थन करें और एक अधिक न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण करें।

उपराज्यपाल ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार जनरल जोरावर सिंह के योगदान को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी विरासत को सम्मान देने के लिए, भारत सरकार ने एक उन्नत स्वदेशी हल्के टैंक का नाम जनरल जोरावर सिंह जी के नाम पर रखा है। जम्मू विश्वविद्यालय में जनरल जोरावर सिंह चेयर भी स्थापित की गई है। उनकी अद्वितीय सैन्य अभियानों और सामाजिक संगठन के दृष्टिकोण का अध्ययन करने के लिए नई पीढ़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित प्रयास भी किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह