JKBOSE ने 23 जुलाई की 11वीं परीक्षा स्थगित की, नई तारीख बाद में होगी घोषित

जम्मू/श्रीनगर, 22 जुलाई: जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (JKBOSE) ने लगातार खराब मौसम, भारी बारिश और प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए हायर सेकेंडरी पार्ट-I (कक्षा 11वीं) वार्षिक (प्राइवेट)/द्विवार्षिक (Bi-Annual) 2026 की 23 जुलाई 2026 को निर्धारित सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और मौजूदा मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।  बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 23 जुलाई को होने वाली कक्षा 11वीं की सभी परीक्षाएं अब निर्धारित तिथि पर आयोजित नहीं होंगी। इन परीक्षाओं के लिए नई परीक्षा तिथि अलग से अधिसूचित की जाएगी, जिसकी जानकारी JKBOSE अपनी आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से जारी करेगा। 

 

 

 

 


हालांकि, JKBOSE ने स्पष्ट किया है कि जम्मू-कश्मीर स्टेट ओपन स्कूल (JKSOS) के अंतर्गत आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है और परीक्षार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा केंद्रों में उपस्थित होना होगा।  इस बीच जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी स्थिति बनी हुई है।

 

 

 

श्री अमरनाथ यात्रा भी लगातार मौसम की मार झेल रही है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने एहतियात के तौर पर परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है।  JKBOSE ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा *नई परीक्षा तिथि और अन्य आधिकारिक सूचनाओं के लिए केवल JKBOSE की आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें।*