JKSSB क्लास IV और सैनिटेशन वर्कर भर्ती में संशोधन 2863 पदों के लिए 14 अक्टूबर से आवेदन

JKSSB क्लास-IV (MTS) और सैनिटेशन वर्कर भर्ती में संशोधन, 2,863 पदों के लिए 14 अक्टूबर से आवेदन

 

12 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन; जिला और श्रेणीवार रिक्तियों का संशोधित विवरण जारी

 

स्टेट समाचार ब्यूरो

जम्मू, 7 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (JKSSB) ने क्लास-IV (MTS) एवं सैनिटेशन वर्कर के 2,863 पदों की भर्ती से संबंधित विज्ञापन संख्या 09/2026 में संशोधन करते हुए Corrigendum जारी किया है। इसके तहत Annexure-A में बदलाव के साथ पदों का संशोधित कैडरवार एवं श्रेणीवार विवरण जारी किया गया है।

 

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 12 नवंबर निर्धारित की गई है।

 

संशोधित रिक्तियों में UT Cadre के 105, Jammu Divisional Cadre के 1,093, Kashmir Divisional Cadre के 897 और 20 जिलों के District Cadre के 768 पद शामिल हैं। इस प्रकार कुल पदों की संख्या 2,863 है।

 

श्रेणीवार पदों में OM के 1,124, SC के 292, ST-1 के 282, ST-2 के 211, OBC के 152, ALC/IB के 71, RBA के 253 और EWS के 286 पद बताए गए हैं।

 

बोर्ड के अनुसार योग्यता, आयु सीमा, शुल्क संरचना, आरक्षण नियम और चयन प्रक्रिया सहित अन्य शर्तें मूल अधिसूचना के अनुसार ही रहेंगी। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संशोधित Annexure-A ध्यानपूर्वक देखने और भर्ती संबंधी नवीन जानकारी के लिए JKSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।