हिसार, 08 जनवरी (हि.स.)। हिसार के वरिष्ठ साहित्यकार, शिक्षाविद् जयभगवान सैनी को साहित्यिक क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए राजस्थान के नाथद्वारा में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में ‘बाल साहित्य भूषण’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रविकांत गर्ग, आचार्य विनय महाराज, श्याम प्रकाश देवपुरा, प्रधानमंत्री, साहित्य मंडल द्वारा प्रदान किया गया। सहित्य मंडल श्री नाथद्वारा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला एवं साहित्यकार सम्मान-समारोह में जयभगवान सैनी को शॉल ओढ़ाकर, पटका प्रदान कर, नकद राशि, प्रशस्ति पत्र, प्रमाण पत्र एवं श्री नाथ द्वारा का स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में जयभगवन सैनी की साहित्यिक सेवाओं पर चर्चा की गई।राज्य मंत्री व अन्य अतिथियों ने जयभगवान की दो नई पुस्तकों ‘भागती-दौड़ती मुंबई (यात्रा)’, ‘जीवन लहरें (उपन्यास)’ का लोकार्पण भी किया गया। वैसे तो वरिष्ठ साहित्यकार जयभगवान सैनी की अब तक 35 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। बाल साहित्य पर केंद्रित इनकी ‘चुन्नू-मुन्नू’, ‘पक्षियों का संसार’ व ‘कलरव करते पक्षी’ तीन पुस्तकें भी छप चुकी हैं। इन्हें यह सम्मान बाल साहित्य लेखन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है।कवि-लेखक जय भगवान सैनी इसके अलावा देश के कई हिस्सों में अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुके हैं। इस सम्मान के लिए इन्हें गुरुवार काे अनेक संस्थाओं, मित्रों ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर



