विपक्ष को हमारा काम न सिखाएं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर
- Admin Admin
- Dec 12, 2025
शिमला, 12 दिसंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री विपक्ष को उसका काम न सिखाएं। उन्होंने कहा कि वे विपक्ष के नेता हैं और जनता की आवाज उठाना तथा सरकार के हर गलत फैसले का विरोध करना उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री इन दिनों विपक्ष के सवाल पूछने से भी नाराज़ दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सब कुछ अपने हिसाब से चलाना चाहती है, लेकिन लोकतंत्र में यह संभव नहीं है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री खुद आरोप लगाते रहते हैं कि विपक्ष बिना तथ्यों के बात करता है, जबकि सच्चाई यह है कि जनता सब देख रही है। मंडी रैली में क्या हुआ, किसने किसके खिलाफ क्या बोलायह सब प्रदेश जानता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिर्फ सरकार की तीन साल की कार्यप्रणाली को जनता के सामने रखा, जिस पर मुख्यमंत्री तिलमिला गए। जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि क्या उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की सार्वजनिक आलोचना पर भी भाजपा ने उन्हें कुछ कहा था? पूरा हिमाचल देख चुका है कि भरी सभा में उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली का मज़ाक उड़ाया और मुख्यमंत्री उसके बाद जवाब तक नहीं दे पाए।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार भाजपा में गुटबाज़ी के आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन अब जनता पूछ रही है कि खुद कांग्रेस सरकार और मंत्रिमंडल में कितने गुट चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी भी यह देख चुके हैं कि किस तरह कांग्रेस सरकार के भीतर ही टकराव की स्थिति है। जयराम ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाने जैसी घटनाएं प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह अराजकता नहीं है कि उप मुख्यमंत्री सरकारी मंच पर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करें और मुख्यमंत्री चुप रहें?
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री झूठ बोलना बंद करें और विपक्ष को यह न बताएं कि उसे क्या करना चाहिए। विपक्ष जनता की आवाज़ है और हम सरकार के हर गलत निर्णय के खिलाफ खड़े रहेंगे।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री ने शिमला स्थित राज्य स्तिथि गृह पीटरहॉफ में उस स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का बिहार चुनाव में शानदार जीत के बाद भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के लिए लगातार सहायक रही है और उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि जल्द प्रदेश को मिल जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



