जमीन विवाद में हुआ जख हत्याकांड, घंटों में पर्दाफाश; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद
- Editor Chief
- Oct 06, 2026
स्टेट समाचार ब्यूरो ,सांबा, 6 अक्टूबर। विजयपुर के जख इलाके में जमीन विवाद को लेकर हुई आतिश शर्मा की हत्या के मामले को सांबा पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाने का दावा करते हुए मुख्य आरोपी निखिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर शाम करीब 5:40 बजे पुलिस स्टेशन विजयपुर को जख स्थित पावर हाउस के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गोलीबारी में जख निवासी आतिश शर्मा उर्फ अट्टू पुत्र ओंकार नाथ को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस के सामने आया कि कथित तौर पर जमीन संबंधी विवाद के चलते जख बगला राजिंदरपुरा निवासी निखिल शर्मा पुत्र बावा दित्ता ने पिस्तौल से आतिश शर्मा पर गोली चलाई थी।
पुलिस ने इस संबंध में विजयपुर थाने में एफआईआर नंबर 163/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/27 में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निखिल शर्मा को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आरोपी के खुलासे के आधार पर पुलिस ने एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच जारी है। वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

