जंगीपुर नगरपालिका बोर्ड भंग, चेयरमैन मफिजुल इस्लाम पद से हटाए गए
- Admin Admin
- Dec 19, 2025
मुर्शिदाबाद, 19 दिसंबर (हि. स.)। जिले की जंगीपुर नगरपालिका में कथित भ्रष्टाचार और आंतरिक विवादों के चलते नगर बोर्ड को भंग कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जंगीपुर नगरपालिका के चेयरमैन मफिजुल इस्लाम को पद से हटा दिया गया है। फिलहाल नगरपालिका की जिम्मेदारी जंगीपुर के उपजिलाधिकारी (एसडीओ) सुधीर कुमार रेड्डी को सौंपी गई है, जिन्होंने शुक्रवार को औपचारिक रूप से कार्यभार भी संभाल लिया।
नगरपालिका सूत्रों के अनुसार, जंगीपुर के विधायक जाकिर हुसैन और चेयरमैन मफिजुल इस्लाम के बीच पिछले कई महीनों से गंभीर मतभेद चल रहे थे। नगरपालिका के विभिन्न विकास कार्यों, प्रशासनिक निर्णयों और पार्टी समन्वय को लेकर दोनों के बीच टकराव लगातार बढ़ता गया। इस विवाद का सीधा असर नागरिक सेवाओं पर पड़ा और कई जरूरी सेवाएं बाधित होने लगीं।
विधायक और चेयरमैन के बीच मतभेद सुलझाने के लिए पार्टी स्तर पर कई बार हस्तक्षेप किया गया, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। आरोप है कि विधायक समर्थक पार्षदों ने विरोधी पार्षदों के साथ मिलकर नगराध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी उपजिलाधिकारी को सौंपा था, हालांकि उस समय राज्य नेतृत्व के हस्तक्षेप से वह प्रस्ताव प्रभावी नहीं हो सका।
हाल ही में राज्य शहरी विकास विभाग के सचिव ने चेयरमैन को एक पत्र भेजकर नागरिक सेवाओं में आई बाधाओं पर जवाब मांगा था और यह भी पूछा गया था कि क्यों न नगर बोर्ड को भंग कर दिया जाए। चेयरमैन द्वारा लिखित जवाब भेजा गया, लेकिन वह संतोषजनक नहीं माना गया। इसके बाद ही नगर बोर्ड को भंग करने का निर्णय लिया गया।
इस पूरे मामले पर पूर्व चेयरमैन मफिजुल इस्लाम ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। वहीं विधायक जाकिर हुसैन ने कहा कि नगरपालिका में कुप्रशासन और भ्रष्टाचार व्याप्त था। उन्होंने कहा कि अब नगरपालिका में सुशासन लौटेगा। मैंने प्रबंधन को इसकी जानकारी दी थी। नगरपालिका बोर्ड भंग होने से मैं संतुष्ट हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



