फ्रूट मंडी की सुविधाओं का जावेद दार ने लिया जायजा
- Rahul Sharma
- Sep 20, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
कृषि उत्पादन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, सहकारिता और चुनाव विभाग के मंत्री जावेद अहमद दार ने हंदवाड़ा फ्रूट मंडी का दौरा कर इसके कामकाज, बुनियादी ढांचे और फल उत्पादकों व व्यापारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उनके साथ सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान और लंगेट विधायक शेख खुर्शीद अहमद भी मौजूद रहे। मंत्री ने फल उत्पादकों, व्यापारियों और मंडी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। प्रतिनिधियों ने बुनियादी ढांचे, विपणन व्यवस्था, परिवहन और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं, ताकि मंडी में कारोबार सुचारु हो और उत्पादकों को बेहतर दाम मिल सकें। जावेद दार ने अधिकारियों को मंडी एसोसिएशन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और उत्पादकों व व्यापारियों की जायज मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और किसान हितैषी बाजार व्यवस्था से बागवानी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी तथा फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। दौरे के दौरान बागवानी विपणन एवं योजना निदेशक कश्मीर, बागवानी निदेशक कश्मीर, कृषि निदेशक कश्मीर और जेकेएचपीएमसी के प्रबंध निदेशक समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

