महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव की जीत प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बढ़ते विश्वास की जीत है : आदित्य
- Admin Admin
- Jan 16, 2026

रांची, 16 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में भाजपा एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर जश्न मनाया गया। पार्टी की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि शुक्रवार को महाराष्ट्र की जनता ने राष्ट्रविरोधी, तुष्टीकरण की मानसिकता को पराजित किया है और राष्ट्रवादी विकासोन्मुख सोच वाले लोगों को प्रचंड जीत दिलाई है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में जीत की खुशी में ढोल बाजों की थाप पर पटाखे छोड़ कर और मिठाइयां बांट कर खुशियां मनाई गईं।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश और रांची महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने महाराष्ट्र की जनता को और पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
साहू ने कहा कि यह जीत ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत का रथ लगातार दौड़ रहा है। विकसित भारत के लिए गांव और शहर दोनों को सजाने संवारने की जरूरत है। आज देश प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह एतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास की जीत है।
साहू ने कहा कि विकास के लिए झारखंड की जनता तरस रही है। आनेवाले दिनों में भाजपा बंगाल और असम विधानसभा चुनाव को भी जीतेगी साथ ही झारखंड के निकाय चुनाव में भी भाजपा कार्यकर्ता ही परचम लहराएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड नगर निकाय की जनता हेमंत सरकार से ऊब चुकी है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि आज देश में जनता विकास चाहती है। विकास से ही विकसित भारत बनेगा। उन्होंने कहा कि यह विकास का सपना भाजपा और एनडीए ही कर सकती है यह जनता समझ चुकी है। सबका साथ सबका विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पूरे देश में भगवा लहर है। जनता अब कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों को मौका नहीं देना चाहती है। जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्र, सरोज सिंह, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, वरुण साहू, अशोक बड़ाइक, सीमा सिंह, सत्यनारायण सिंह, मनोज मिश्रा, बलराम सिंह सहित अन्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे



