गोवा में उत्तराखंड के पांच लोगों की मौत, धामी बोले- परिजनों के साथ
- Admin Admin
- Dec 08, 2025
देहरादून, 08 दिसंबर (हि.स.)। गोवा के अरपोरा नाइट क्लब में रविवार को लगी आग में उत्तराखंड के पांच लोगों की मृत्य हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निकांड में उत्तराखंड के लोगों के निधन पर दुःखद व्यक्त करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार मृतकाें के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक जारी पोस्ट में अग्निकांड में राज्य के पांच लोगों की निधन को दु:खद बताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दिवंगतों के पार्थिव शरीर शीघ्रातिशीघ्र उनके परिजनों तक पहुंचाए जा सकें इसके लिए उत्तराखंड सरकार गोवा सरकार के निरंतर संपर्क में हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गोवा के अरपोरा क्षेत्र में हुए गंभीर नाइटक्लब अग्निकांड में उत्तराखंड के नागरिकों के संभावित प्रभावित होने की सूचना पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से दूरभाष पर बातचीत की थी। गोवा के मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार गोवा प्रशासन से सतत संपर्क में है और घटना से जुड़ी अद्यतन जानकारी प्राप्त होते ही आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएंगे।
टिहरी जनपद के देवप्रयाग ब्लॉक के संकुल्ड चंद्रबदनी गांव निवासी जितेंद्र सिंह (22) पुत्र संता सिंह की भी इस हादसे में मौत हो गई। गांव की प्रधान लक्ष्मी देवी, पूर्व प्रधान व सूबेदार हुकम सिंह ने बताया कि जितेंद्र की दो बड़ी बहनों की शादी हो रखी है,जबकि एक छोटा भाई है, जो दुबई में होटल में नौकरी करता। उसके पिता संता सिंह कोरोना काल से लापता हैं। इंटर करने के बाद जितेंद्र परिवार के भरण-पोषण के लिए नौकरी करने के चले गया था। लेकिन इस हादसे में उसकी मौत ने परिवार के सपने भी चकनाचूर कर दिए।
विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि इस मामले में उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से त्वरित पैरवी की मांग की। बताया कि सतीश के शव को देर शाम तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है, मंगलवार तक शव को गांव भेजने की कार्यवाही की जाएगी। विधायक ने बताया कि जितेंद्र आजकल में छुट्टी पर आने वाला था, लेकिन तब तह यह हदयविदारक घटना हो गई। कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।
चंपावत के मनीष सिंह महर नेत्र सलान (बाराकोट ब्लॉक) के निवासी थे। वह कुछ समय पहले काम की तलाश में गोवा गए थे और जिस नाइट क्लब में यह घटना हुई, वहां रसोई में कार्यरत थे। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने जिलाधिकारी मनीष कुमार और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक सहायता और औपचारिकताएं पूरी कराने का अनुरोध किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार



