
स्वामी विवेकानंद मंगल भवन व प्रतिमा का हुआ अनावरण
धमतरी, 12 जनवरी (हि.स.)। कुरूद नगर के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका परिषद, कुरूद का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर नगर के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए 17 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद मंगल भवन तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर में विकास के प्रति जो लगन, तड़प और समर्पण है, वह विरले नेताओं में देखने को मिलती है। नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिलाने के लिए हर फाइल की सतत मॉनिटरिंग की गई और निचले स्तर से लेकर उच्च अधिकारियों तक निरंतर संवाद किया गया। किसी भी कार्य को मंजिल तक पहुंचाने की जो कला है, उसका प्रत्यक्ष लाभ आज कुरूद क्षेत्र को मिल रहा है। यही कारण है कि यहां ऐसे बड़े विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं, जिनकी कल्पना सहज नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को चरणबद्ध रूप से पूरा किया गया है। किसानों को बोनस दिया जा रहा है, वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को अब तक 23 हजार रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
कार्यक्रम में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। नगर पालिका बनने के बाद कुरूद में अब अनेक बड़े और महत्वपूर्ण विकास कार्य होंगे, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने इसे कुरूद क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि नगर पंचायत के नगर पालिका बनने से विकास को नई गति मिलेगी और इसका सीधा लाभ नगर की जनता को प्राप्त होगा।
समारोह को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, प्रकाश बैस, नगर पालिका परिषद के पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



