मुरादाबाद : भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री राम कथा महोत्सव का शुभारंभ
- Admin Admin
- Dec 25, 2025
मुरादाबाद, 25 दिसम्बर (हिंस.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में नव दिवसीय श्री राम कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान श्री राम के जयकारे लगाते हुए कलश यात्रा कथा स्थल व्हाइट हाउस पहुंची। जहां वृंदावन से पधारे प्रख्यात संत कथा वाचक शिवकुमार शास्त्री महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का श्रवण कराया।
कथा वाचक संत शिव कुमार शास्त्री ने श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का श्रवण कराते हुए कहा कि हमारा मन मोह माया में उलझा हुआ है। इसे सुलझाने के लिए श्री राम कथा का आयोजन होता है। अपने जीवन को सार्थक बनाना है तो श्रीराम कथा को अपने जीवन में उतारो। उन्होंने आगे कहा कि बिना संत के भगवान की कृपा नहीं हो सकती।
भगवान की कृपा पाने के लिए संत आवश्यक है। संत वह होता है जिसकी डोर परमात्मा से जुड़ जाती है। वे हमें सही रास्ते पर चलने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्संग अर्थात संतों की संगत। संतों की संगत हमें भगवान से मिलाने के मार्ग पर चलने में मदद करता है और हमें गलत रास्ते से बचाता है।
पूजन पंडित गोपाल दत्त ने विधि विधान से सम्पन्न कराया। मुख्य यजमान हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र देव शर्मा व धर्मपत्नी मनुस्मृति उपस्थित रहे।
समिति ने बताया कि नव दिवसीय राम कथा महोत्सव 2 जनवरी तक आयोजित होगी। कथा प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक होगी। इसके अलावा 27 दिसंबर को श्री राम जन्मोत्सव, 29 दिसंबर को श्रीराम सीता विवाह, दो जनवरी को श्री राम राज्याभिषेक होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



