धर्मशाला, 30 नवंबर (हि.स.)।
संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा भाजपा के अध्यक्ष सचिन शर्मा ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा आरएसएस पर की गई अभद्र टिप्पणी पर तीखा प्रहार किया है। सचिन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए अब राष्ट्रसेवा में समर्पित संस्थाओं पर हमला करने लगी है। उन्होंने कहा कि मंत्री नेगी का यह बयान साबित करता है कि कांग्रेस न केवल घबराई हुई है, बल्कि मानसिक तौर पर दिवालिया हो चुकी है।
रविवार को जारी एक प्रेस बयान में सचिन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा, सबसे अनुशासित और सबसे समर्पित राष्ट्र निर्माण संगठन है। सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता और आपदा राहत में संघ का पिछले सौ वर्षों से योगदान अद्वितीय और अतुलनीय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की आदत बन चुकी है कि ज्ञान कम, बयानबाज़ी ज़्यादा। जगत सिंह नेगी भी उसी टूटी-फूटी राजनीतिक सोच के प्रतिनिधि हैं जिनकी राजनीति केवल आरएसएस और भाजपा-विरोध पर टिकी है।
ज़िला अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी, जो आज भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, संघ की ही देन हैं। कांग्रेस को संघ इसलिए चुभता है क्योंकि संघ बिना स्वार्थ राष्ट्र सेवा करता है, जबकि कांग्रेस ने दशकों तक देश को भ्रष्टाचार और परिवारवाद दिया है।
सचिन शर्मा ने कहा कि नेगी पहले अपनी सरकार की विफलताओं का जवाब दें, फिर आरएसएस पर उंगली उठाने की हिम्मत करें। एक सदी से राष्ट्र को मजबूत करने वाले संगठन पर टिप्पणी करना कांग्रेस की हताशा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता भाजपा और संघ के योगदान को भलीभांति जानती है और कांग्रेस नेताओं की ऐसी विषैली बयानबाज़ी स्वयं कांग्रेस के लिए राजनीतिक आत्मघात साबित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरएसएस के खिलाफ गलत, आधारहीन और अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को भाषा की मर्यादा और राजनीतिक संस्कार सीखने की नसीहत दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



