हर बूथ पर तैयार होंगे 10 प्रहरी, लोगों तक पंहुचायेंगे केंद्रीय योजनाएं : संजीव देष्टा

धर्मशाला, 19 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा बूथ स्तर पर दस किसान प्रहरी तैयार कर रहा है। जिनके माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, वहीं प्रदेश सरकार की नाकामियों को भी उजागर किया जाएगा। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष संजीव देष्टा ने शुक्रवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता हथियाई है, जबकि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रदेश के 8 लाख 70 हजार किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में बैठकों का दौर जारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जहां अंतिम पंक्ति के व्यक्ति पहुंचने की पहल की है, वहीं प्रदेश सरकार ने किसानों, बागवानों, युवाओं को ठगा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के सत्ता संभालने पर छह माह के भीतर ही किसान, बागवान व युवा सडक़ों पर उतरने को मजबूर हो गए थे, जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार, किसान, बागवान व युवा विरोधी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया