आरएसएस टिप्पणी विवाद: भाजपा ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की मानसिकता पर उठाए सवाल
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर की गई टिप्पणी को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने इस टिप्पणी को निंदनीय करार देते हुए नेगी पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा प्रवक्ता ने मंत्री जगत सिंह नेगी की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'विकृत मानसिकता का व्यक्ति' करार दिया है। शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में संजय शर्मा ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति स्वयं कांग्रेस की विचारधारा को ही ठीक से नहीं समझ पाया, वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे राष्ट्रव्यापी संगठन को क्या समझ पाएगा। उन्होंने कहा कि नेगी की यह टिप्पणी उनकी ओछी और घटिया मानसिकता को दर्शाती है।
संजय शर्मा ने संघ के कार्यों की महत्ता को बताते हुए इतिहास का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी कभी आरएसएस के कार्यों पर किसी तरह की उंगली नहीं उठाई थी, बल्कि उन्होंने हमेशा संघ के राष्ट्र सेवा के कार्यों को सराहा था।
उन्होंने कहा कि नेगी न तो स्वयं संस्कारी है न ही परिवार में संस्कार दे पाए, इसीलिए उनके परिवार के मुद्दे भी सड़कों में चर्चा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह संघ ही नहीं बल्कि मातृशक्ति का भी सम्मान नहीं करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



