पालमपुर में 129 परिवारों ने थामा भाजपा का दामन, त्रिलोक कपूर का कांग्रेस पर तंज
- Admin Admin
- Jan 12, 2026
धर्मशाला, 12 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल के जन्मदिन पर सोमवार को पालमपुर में 129 परिवारों ने भाजपा का दामन थामा है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक कपूर के नेतृत्व में इन लोगों ने भाजपा का दामन थामा। त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों और विफल शासन से त्रस्त होकर लोगों ने खुले तौर पर कांग्रेस का दामन छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी की जनहितैषी, राष्ट्रवादी और विकासोन्मुख नीतियों पर विश्वास जताया है।
भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कहा कि चुनाव हारने के तुरंत बाद पालमपुर की जनता के सुख दुख में साथ खड़े होने के चलते ही आज यह सब हुआ है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि पालमपुर की राजनीति में निर्णायक बदलाव का स्पष्ट संकेत है। कार्यक्रम में उमड़ा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि अब जनता कांग्रेस के खोखले नारों, झूठी गारंटियों और विफल शासन को पूरी तरह नकार चुकी है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार से जनता पूरी तरह तंग आ चुकी है। कांग्रेस जिन झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई थी, आज वही गारंटियां जनता के लिए सबसे बड़ा धोखा साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आते ही उन वादों को भूलकर प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया।
त्रिलोक कपूर ने भाजपा में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा और परिवार है, जहां हर कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर मिलता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



