शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए किए जा रहे अहम बदलाव : बाली
- Admin Admin
- Nov 29, 2025
धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। स्कूल मंच से बच्चों को जहां आत्मविश्वास मिलता है वहीं भविष्य की दिशा निर्धारित करने में भी यह अहम भूमिका निभाता है। यह उद्गार हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने शनिवार को नगरोटा के उसतेहड़ स्थित पंडित राघवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यअतिथि बनकर पंहुचने पर कहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया है। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बच्चों के भविष्य को एक नया आयाम देने के लिए अहम साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अपना वायदा भी पूरा किया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से लैस राजीव गांधी डे.बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। जिसमें नगरोटा विस क्षेत्र के कबाड़ी में भी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। बाली ने कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों में सभी अत्याधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं से बच्चों के समग्र विकास पर जोर दिया जाएगा।
प्रधानाचार्य सुभाष कुमार ने मुख्य अतिथि के समक्ष वार्षिक रिपोर्ट और स्कूल की समस्त गतिविधियों का विवरण दिया। उन्होंने बताया स्कूल की स्थापना वर्ष 2007 में की गई। उन्होंने बताया स्कूल के विद्यार्थी पढ़ाई में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है तो स्कूल के बच्चे अन्य गतिविधियों में भी आगे रहते हैं और जिला राज्य स्तर तक स्कूल का नाम रोशन कर रहे हैं। विभागाध्यक्ष मीनाक्षी ने भी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यअतिथि ने परीक्षाओं, खेलों, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार बांटे। उन्होंने स्कूल ग्राउंड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए निजी खाते से एक लाख रुपये दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



