एम्बुलेंस सेवा कर्मियों के हड़ताल पर रहने से लोगों की बढ़ी परेशानियां
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
धर्मशाला, 26 दिसंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा में 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के हड़ताल पर जाने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। यूनियन 48 घंटे की हड़ताल पर है, जिससे शुक्रवार को लोगों खासकर मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मई और अक्टूबर माह में यूनियन हड़ताल कर चुकी है ताकि सरकार जागे और उन्हें उनके अधिकार मिल सकें। यूनियन की मांगों में ओवरटाइम, न्यूनतम वेतन, छुट्टियों का प्रावधान सहित अन्य मांगे शामिल हैं, जिन्हें नहीं माना जा रहा है।
यूनियन के जिला प्रधान प्रशांत ने बताया कि 108/102 के प्रदेश भर में 1300 के करीब कर्मचारी हैं, जिनका कंपनी द्वारा शोषण किया जा रहा है। सीटू के साथ जुड़ने के साथ ही कर्मचारियों का शोषण शुरू कर दिया गया है, क्योंकि कंपनी को लगता है कि कर्मचारी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुके हैं। हालांकि एंबुलेंस कर्मी बेहद सावधानी से वाहन चलाते हैं, इसके बावजूद कोई गलती होने पर कर्मी यानी चालक को सोलन बुलाया जाता है। यही नहीं ऐसे कर्मी की या तो ट्रांसफर कर दी जाती है या उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि न कंपनी उनकी बात सुन रही है और ना ही सरकार कोई ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के चलते एंबुलेंस सेवा ठप होने की वजह से हालांकि जनता को परेशानी हुई, लेकिन वह मजबूर हैं। अपनी मांगों को लेकर हमें सड़कों पर उतरने को विवश होना पड़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



