कांगड़ा वैली कार्निवाल की पांचवीं संध्या पर हिमाचली संस्कृति और ड्रोन शो की रही धूम

प्रस्तुति देते हुए नाटी किंग कुलदीप शर्मा।

धर्मशाला, 29 दिसंबर (हि.स.)। कांगड़ा वैली कार्निवाल 2025 के अंतर्गत रविवार देर रात को पांचवीं संध्या पर हिमाचली संस्कृति और ड्रोन शो की धूम रही। “पहाड़ी स्टार नाइट” के रूप में आयोजित इस संध्या में हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक-संस्कृति, संगीत और नृत्य की अनुपम छटा देखने को मिली, जिसने बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक, हिमाचल प्रदेश सरकार केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुतियों में हिमाचली लोक-संगीत एवं लोकनृत्य का शानदार संगम देखने को मिला। “नाटी किंग” कुलदीप शर्मा ने अपनी नाटी की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह व्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त राज जैरी, पूनम भारद्वाज, रमेश्वर शर्मा तथा सुनील मस्ती ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोक-संगीत की मिठास को मंच पर जीवंत किया। वहीं अनिता ठाकुर (चंबा डांस ग्रुप) द्वारा प्रस्तुत चंबा की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाया। वहीं पंकज डोगरा की हास्य प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित अत्याधुनिक ड्रोन शो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान आधुनिक तकनीक और रोशनी के अद्भुत समन्वय से आकाश में विभिन्न संदेशात्मक एवं आकर्षक आकृतियों का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। ड्रोन शो के माध्यम से संस्कृति, एकता और विकास से जुड़े संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे और लंबे समय तक तालियों की गूंज बनी रही।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल जिला कांगड़ा की लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने तथा आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है, पर्यटन को बढ़ावा मिलता है तथा युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है।

इस अवसर पर पहाड़ी परिधानों में प्रस्तुत फैशन परेड को भी दर्शकों ने खूब सराहा। पहाड़ी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कांगड़ा कार्निवाल की इस विशेष पांचवी संध्या पर एडीएम शिल्पी बेक्टा भी पारम्परिक परिधान में नजर आयीं, इस दौरान एडीएम ने नशा मुक्त समाज और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया