कांगड़ा कार्निवाल : पंजाबी स्टार नाइट में बब्बु मान का जलवा

कांगड़ा कार्निवाल की संध्या पर प्रस्तुति देते हुए बब्बू मान।

धर्मशाला, 30 दिसंबर (हि.स.)। कांगड़ा वैली कार्निवाल-2025 की सोमवार को छठी सांस्कृतिक संध्या में आयोजित पंजाबी स्टार नाइट में प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बु मान ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही बब्बु मान मंच पर आए, हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। उनके लोकप्रिय और भावनात्मक गीतों पर युवाओं सहित सभी वर्गों के लोग देर रात तक झूमते नजर आए। पूरा परिसर संगीत, रोशनी और उल्लास के रंग में रंगा रहा।

इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में आर.एस. बाली मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इसके अलावा साँस्कृतिक संध्या पर सूची, रोहित वोहरा और वर्षा कटोच की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली। इसके अलावा, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

इस अवसर पर एचपीटीडीसी के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने इस अवसर पर बब्बु मान को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रदेश और जिला के लिए आज एक विशेष दिन है। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सव न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल जैसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक-कला और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं।

आर.एस. बाली ने कहा कि संगीत और संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करती है और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल के माध्यम से कलाकारों को बड़ा मंच मिल रहा है, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष एचआरटीसी अजय वर्मा, धर्मशाला नगर निगम की मेयर नीनू शर्मा, पूर्व मेयर देवेन्द्र जग्गी, धर्मशाला से पूर्व में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे विजय इंद्र कर्ण सहित अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया