किश्तवाड़ की तर्ज पर विकसित की जाएंगी हेचरी : केवल सिंह पठानिया

धर्मशाला, 30 नवंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश में भी किश्तवाड़ मॉडल पर आधुनिक हेचरी विकसित की जाएंगी, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि हाल ही में किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) दौरे के दौरान उन्होंने मुगल मैदान स्थित हेचरी का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का विस्तृत अध्ययन किया।

विधायक ने कहा कि शाहपुर विधानसभा के धारकण्डी क्षेत्र को ट्राउट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री द्वारा 3.30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नई हेचरियों के विकसित होने से क्षेत्र में मत्स्य पालन को मजबूती मिलेगी। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी व्यापक रूप से उपलब्ध होंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया