स्कूल शिक्षा बोर्ड परिसर में मनाया गया लोहड़ी पर्व
- Admin Admin
- Jan 13, 2026
धर्मशाला, 13 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के परिसर में सोमवार को लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम ने सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा तथा डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने पुराने एवं लोकप्रसिद्ध गीत गाकर उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया और सभी को लोकसंस्कृति से जोड़ने का कार्य किया।
बोर्ड के कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और पुराने गीतों व पारंपरिक गायन के माध्यम से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। लोहड़ी के पारंपरिक गीतों के साथ अग्नि प्रज्वलन कर खुशहाली, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की गई।
इस अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा ने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं और कार्यस्थल पर आपसी सौहार्द एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और पर्व को सामूहिक उल्लास के साथ मनाया।
बोर्ड के अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दयादृष्टि सदैव हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों पर बनी रहती है। मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन, सहयोग और संवेदनशील दृष्टिकोण बोर्ड के कर्मचारियों के मनोबल को निरंतर सुदृढ़ करता है तथा उन्हें कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



