धर्मशाला, 14 जनवरी (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ निरन्तर जारी विशेष अभियान के अन्तर्गत बीती देर रात 852 ग्राम चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। कांगड़ा पुलिस थाना की विशेष टीम ने गश्त के दौरान कछियारी में एक कार नम्बर एचपी01सी-1940 में सवार राम लाल पुत्र बंगलू राम निवासी धमेर, डाकघर झटिंगरी, तहसील पधर, जिला मंडी व संजय कुमार पुत्र सुनाका राम निवासी मारखान, झटिंगरी, तहसील पधर, जिला मंडी से 852 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। जिस पर उपरोक्त दोनों आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया तथा इनके विरुद्ध पुलिस थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध निरन्तर जारी विशेष अभियान में लगातार गश्त, नाकाबन्दी, गुप्त सूचना एकत्रित करना व ट्रैफिक चैकिंग जारी है। इसी कड़ी में जिला कांगड़ा की विशेष टीम बीती रात गश्त पर थी तो गुप्त सूचना के आधार पर कछियारी में खड़ी कार में दो लोग चरस की खेप के साथ बैठे हुए थे। पुलिस की विशेष टीम द्वारा नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त कार में बैठे व्यक्तियों को 852 ग्राम चरस के साथ धर दबोचा। मौका पर कार को भी कब्जे में लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



