कठुआ पुलिस ने 105 गुम/चोरी मोबाइल बरामद किए साइबर ठगी के ₹50 लाख भी वापस दिलाए
- MILAN SINGH JAMWAL
- Oct 05, 2026
कठुआ, 5 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की कठुआ इकाई ने एसएसपी मोहिता शर्मा के नेतृत्व में पिछले दो महीनों के दौरान ₹23.50 लाख मूल्य के 105 गुम/चोरी मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें 9 आईफोन भी शामिल हैं। ये मोबाइल जम्मू-कश्मीर के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से ट्रेस किए गए।
पुलिस के अनुसार, पिछले दो वर्षों में कठुआ पुलिस करीब 700 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1.29 करोड़ है।
वहीं, साइबर पुलिस स्टेशन कठुआ ने मई से सितंबर 2026 के बीच साइबर ठगी के ₹50.43 लाख पीड़ितों को वापस दिलाए। साइबर थाना स्थापित होने के बाद अब तक कुल ₹2.28 करोड़ की ठगी की रकम रिकवर की जा चुकी है।
पुलिस ने लोगों से गुम/चोरी मोबाइल की तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत करने और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 पर संपर्क करने की अपील की है।

