रामसर स्थल गोगाबिल झील की सुरक्षा व्यवस्था का प्रशासन ने लिया जायजा
- Admin Admin
- Jan 01, 2026
कटिहार, 01 जनवरी (हि.स.)। नव वर्ष के अवसर पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने मनिहारी अनुमंडल में स्थित गोगाबिल झील का निरीक्षण किया, जो भारत का 94वां और बिहार का छठा रामसर स्थल है।
इस दौरान उन्होंने गंगा नदी के किनारे मनिहारी घाट और पीर मजार सहित अन्य संभावित भीड़ एकत्र होने वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नव वर्ष के उत्सव के दौरान पार्कों, पिकनिक स्थलों, नदी घाटों और अन्य रमणीय स्थलों पर बड़ी संख्या में नागरिकों के एकत्र होने की संभावना है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी सतर्क और सक्रिय रहें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह सजग है और निगरानी, यातायात प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान, अनुमंडल पदाधिकारी, मनिहारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनिहारी, प्रखंड विकास अधिकारी, अंचलाधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने कहा कि नव वर्ष के अवसर पर लोगों को शांतिपूर्ण और सुखद तरीके से उत्सव मनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
गोगाबिल झील एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है, जहां नव वर्ष के अवसर पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह



